उत्तराखंड (uttarakhand) में बद्रीनाथ से देहरादून के लिए उड़ा एक हेलीकॉप्टर रास्ते में ही दुर्घटना का शिकार हो गया. हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे . यह हेलिकॉप्टर हादसा शुक्रवार को उत्तराखंड के जोशीमठ के निकट चाईन गांव के आसपास हुआ .
शुरुआत में हेलीकॉप्टर के लापता होने की खबर मिली थी, जिसके बाद चमोली जिला प्रशासन ने खोज अभियान (सर्च ऑपरेशन) शुरू किया. इसके तहत हवाई खोज टीमों को तैनात किया गया और बाद में जोशीमठ के चाईन ( chaein) गांव के पास धुआं उठता देखा गया.
शुरुआती सूचनाओं के अनुसार, ‘ट्रांस भारत एविएशन’ द्वारा संचालित और VT-HCX रजिस्ट्रेशन नंबर वाला यह हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से उड़ा था. हेलीकॉप्टर का पता लगाने के लिए खोज अभियान जारी है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) मिलकर बचाव अभियान चला रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने एक्स ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “जोशीमठ के पास चाईन गांव के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद सूचना मिली है. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF द्वारा संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया जा रहा है. मैं पूरी घटना पर लगातार नज़र रख रहा हूँ. गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत एयरलिफ्ट करके बड़े अस्पतालों में भेजने के निर्देश दिए गए हैं…”
जिन यात्रियों ने इस हादसे में जान गंवाई है वे सभी कर्नाटक के थे, जिनकी पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है. इनमें अरुण बेंगलुरु पुलिस की क्राइम ब्रांच में इंस्पेक्टर थे. अन्य यात्रियों के बारे में अभी और जानकारी आना बाकी है.
हेलीकॉप्टर उड़ा रहे पायलट हिमांशु दिल्ली के रहने वाले थे. यह हेलीकॉप्टर ‘ट्रांस भारत एविएशन’ नाम की एक निजी कंपनी का था.
हेलीकॉप्टर हादसे के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है. हालांकि इस इलाके में भारी बारिश हो रही है और आसमान में बादल छाए हुए हैं, जबकि कुछ जगहों पर बर्फबारी की भी खबर है. हालांकि, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ( सीईओ ) प्रतीक जैन ने बताया कि मौसम की स्थिति ठीक होने के बाद ही हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति दी गई थी.










