आदेश के मुताबिक़ , हरियाणा कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक कुमार मित्तल को बीपीआरडी का डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया है. यह संस्थान गृह मंत्रालय के तहत काम करता है और देश भर में पुलिस से जुड़े अनुसंधान , प्रशिक्षण और अन्य विषयों पर काम करता है. आलोक मित्तल 30 जून 2029 को रिटायर होने तक इस पद पर रहेंगे. वर्तमान में वे हरियाणा सरकार के साथ काम कर रहे हैं.
नियुक्ति मामलों की समिति ने आंध्र प्रदेश कैडर के 1993 बैच के अधिकारी अमित गर्ग को नई दिल्ली में एनसीआरबी (NCRB) का निदेशक नियुक्त करने को भी मंज़ूरी दी. आईपीएस अमित गर्ग अभी हैदराबाद में भारत के प्रमुख पुलिस ट्रेनिंग संस्थान, सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी के डायरेक्टर के तौर पर तैनात हैं. इस एकेडमी में आईपीएस अधिकारियों को सर्विस में चुने जाने के बाद ट्रेनिंग दी जाती है. एकेडमी सेवारत आईपीएस और दूसरे अधिकारियों के लिए अन्य ट्रेनिंग कोर्स भी चलाती है.
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के आदेश के अनुसार, अमित गर्ग 31 अक्टूबर 2027 (उनके रिटायरमेंट की तारीख) तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, एनसीआरबी के निदेशक ( ncrb director) का पद संभालेंगे. अमित गर्ग को समायोजित करने के लिए एनसीआरबी के निदेशक पद को अस्थायी रूप से महानिदेशक ( director general ) स्तर तक अपग्रेड किया गया है. राष्ट्रीय पुलिस अकादमी गर्ग की जगह उत्तर प्रदेश कैडर के 1994 बैच के सुजीत पांडे लेंगे. वे भी 31 जुलाई 2028 को अपने रिटायरमेंट तक इस पद पर रहेंगे.













