ओडिशा के कार्यकारी पुलिस महानिदेशक ( director general of police ) विनयतोष मिश्रा 30 नवंबर को रिटायर हो जाएंगे. गृह विभाग ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए बताया है कि श्री मिश्रा को 30 नवंबर को सेवानिवृत्ति के दिन कार्यमुक्त कर दिया जाएगा . उनके जाने के बाद पुलिस प्रमुख की कुर्सी किसे सौंपी जाएगी . इसका अभी पता नहीं है . संभवत सरकार सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले का फैसला आने के बाद ही राज्य के नये पूर्णकालिक पुलिस प्रमुख के बारे में तय कर पाएगी .
नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी विनयतोष मिश्रा को 30 नवंबर की दोपहर से सरकारी नौकरी से रिटायर होने की मंजूरी दी गई है. विनयतोष मिश्रा वर्तमान में महानिदेशक (सीआईडी – क्राइम ब्रांच ) के पद पर हैं . साथ ही उनके पास डीजीपी और पुलिस बल प्रमुख (HoPF) का अतिरिक्त भी है.
विनयतोष मिश्रा को पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया के रिटायर होने के बाद 16 अगस्त से ओडिशा डीजीपी (dgp odisha) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था. राज्य सरकार ने यह अंतरिम व्यवस्था तब चुनी थी जब सुप्रीम कोर्ट ने यूपीएससी से चयन प्रक्रिया को चुनौती देने वाले एक मामले में अगले पुलिस प्रमुख की नियुक्ति के लिए पैनल को फाइनल न करने के लिए कहा था. सुप्रीम कोर्ट ने इस पर फैसला सुरक्षित रखा हुआ है .










