गुजरात में भयानक सड़क हादसे में उत्तराखंड के सैनिक परिवारों के 7 सदस्यों की मौत

6
कच्छ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई दुर्घटना
कच्छ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई दुर्घटना

गुजरात में  एक तेज़ रफ़्तार ट्रक और कार की टक्कर में भारतीय सैनिकों के परिवार के सात सदस्यों की जान चली  गई. मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. दुर्घटना शनिवार की रात कच्छ जिले में राष्ट्रीय  राजमार्ग पर हुई . पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी .

यह टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि तीन महीने की बच्ची समेत सभी सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.  एक अधिकारी ने बताया कि बुरी तरह  क्षतिग्रस्त हुई कार एकदम मलबे में तब्दील हो चुकी थी . शवों को उसमें से निकालने में ही कई घंटे लग गए.

कच्छ वेस्ट पुलिस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे हुआ, जब परिवार कच्छ के रण ( rann of kutch) घूमने के बाद भुज लौट रहे थे. हादसे का शिकार हुए  सभी पीड़ित उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना ( indian army ) के जवानों के परिवार के सदस्य थे

अधिकारी ने बताया कि मरने वालों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी सिविका, राजेश सिंह रावत (35) और उनकी बेटी रक्षिता (7), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार साल की बेटी वामिका के रूप में हुई है.