भारत – म्यांमार के सैनिकों के अभ्यास ‘राहत मित्र’ का चेन्नई में समापन

6
अभ्यास 'राहत मित्र ' के दौरान भारत - म्यांमार के सैनिक
अभ्यास 'राहत मित्र ' के दौरान भारत - म्यांमार के सैनिक

भारत और म्यांमार के रक्षा बलों के बीच 5 और 6 नवंबर, 2026 को आयोजित प्रथम द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ का समापन चेन्नई में हुआ . दो दिवसीय इस अभ्यास में भारत की  नौसेना,  थल सेना और  वायु सेना के कर्मियों के साथ म्यांमार रक्षा बलों के एक दल ने हिस्सा  लिया. ‘राहत मित्र  ‘  अभ्यास का उद्देश्य परिचालनात्मक अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना, समन्वय में सुधार करना तथा आपदा प्रतिक्रिया अभियानों में बेहतर कार्य प्रणालियों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना था.

रक्षा मंत्रालय की एक प्रेस  विज्ञप्ति के मुताबिक़ अभ्यास  की शुरुआत संयुक्त योजना निर्माण और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत क्षमताओं से परिचित कराने पर केंद्रित रही. एक भीषण चक्रवात की स्थिति पर आधारित टेबल-टॉप अभ्यास के माध्यम से समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र और संयुक्त आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल पर चर्चा की गई. इसमें  भाग लेने वाले दलों ने भारतीय थल सेना द्वारा बाधाओं को हटाने और पुल निर्माण की क्षमताओं का प्रदर्शन भी देखा. उन्होंने भारतीय नौसेना की पोत आधारित मानवीय सहायता एवं आपदा राहत क्षमताओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए आईएनएस सुकन्या का दौरा किया.

अभ्यास में शामिल  दलों ने दूसरे दिन भारतीय रक्षा बलों की बहु-क्षेत्रीय मानवीय सहायता एवं आपदा राहत क्षमताओं का प्रदर्शन देखा. इसमें समुद्री, थल और वायु क्षेत्रों में समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र को प्रदर्शित किया गया. आईएनएस अड्यार और चेन्नई स्थित संचार नेटवर्क केंद्र ने आपातकालीन परिस्थितियों में कमान एवं नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए तटीय आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था और संचार अवसंरचना का प्रदर्शन किया. सैन्य अस्पताल, चेन्नई ने क्षेत्र चिकित्सा तथा आपदा राहत शिविरों के समन्वित प्रबंधन की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया.

अभ्यास 'राहत मित्र ' के दौरान भारत - म्यांमार के सैनिक
अभ्यास ‘राहत मित्र ‘ के दौरान भारत – म्यांमार के सैनिक

भारतीय नौसेना की बाढ़ राहत टीमों (flood relief team ) ने बाढ़ राहत अभियानों के लिए विशेष उपकरणों और क्षमताओं का प्रदर्शन किया. समुद्री खोज एवं बचाव (एसएआर) क्षमताओं का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें चेतक हेलीकॉप्टर और आईएनएस बितरा ने समन्वित युद्धाभ्यास में हिस्सा  लिया. भारतीय वायु सेना ( indian air force ) ने हताहतों को सुरक्षित निकालने अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया. इस दौरान म्यांमार के प्रतिनिधिमंडल के कमोडोर आंग न्यांग विन और दो अन्य अधिकारी हवाई अभियान के दौरान भारतीय वायु सेना के एएलएच हेलीकॉप्टर में सवार रहे.

विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘राहत मित्र’ ने दोनों देशों के रक्षा बलों को अपने परिचालन अनुभव साझा करने, सर्वश्रेष्‍ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों की योजना बनाने और उन्हें क्रियान्वित करने में आपसी समझ को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया. इस अभ्यास के माध्यम से दोनों देशों को एक-दूसरे की क्षमताओं और प्रक्रियाओं से परिचित होने का अवसर भी मिला, जिससे आपदा प्रतिक्रिया अभियानों के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी.

इस प्रथम अभ्यास का सफल समापन भारत और म्यांमार की द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने तथा आपदा प्रतिक्रिया के लिए सामूहिक तैयारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. यह क्षेत्रीय स्थिरता, समुद्री सहयोग और प्रभावी मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) में योगदान देने के दोनों देशों के साझा संकल्प को भी रेखांकित करता है.