दिल्ली में जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पर आज ( 2 नवंबर 2026 ) ऐसा नज़ारा पहली बार दिखाई दिया. नाराज सिपाही से लेकर सहायक पुलिस आयुक्त ( assistant commissioner of police ) यानि एसीपी तक बावर्दी विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. उनका कहना था कि यह खाकी वर्दी की गरिमा की लड़ाई है. इसकी पृष्ठ भूमि में वकीलों और पुलिस का हालिया हुआ वो टकराव है जिसके नतीजे के तौर पर एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और इंस्पेक्टर अरुण कुमार पर तबादले की गाज गिरी थी .
प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों में उपरोक्त दोनों अधिकारी तो शामिल थे ही महिला पुलिसकर्मियों ने भी हिस्सा लिया. वे हाथों में तख्तियां लिए हुए दिखाई दे रहीं थीं जिन पर ‘सम्पर्क सभा करने’ , उनकी शिकायते सुनने और खाकी की गरिमा बचाने की मांग लिखी हुई थी . इस प्रदर्शन के होने के बारे में पुलिस समुदाय के बीच दो दिन से चर्चा चल रही थी लिहाज़ा तमाम बड़े अफसरों को इस बारे में खबरदार कर दिया गया था ऐसी किसी भी गतिविधि के आयोजन में कार्मिकों को शामिल होने से रोका जाए . लिहाज़ा प्रदर्शन में शामिल पुलिसकर्मियों की तादाद कम थी लेकिन अनुशासन से बंधी किसी भी वर्दीधारी फ़ोर्स के लिए यह खतरनाक स्थिति पैदा करने वाली घटना बन गई. वहीं पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन करते पुलिसकर्मियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी.
नीट पेपर लीक ( neet paper leak ) होने और फलस्वरूप कई छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं के बाद तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र कुमार के इस्तीफे को लेकर जुलाई में शुरू हुए आंदोलन को कुचलने के लिए प्रदर्शनकारियों के साथ हुए टकराव की तस्वीरें दिल्ली पुलिस की बदनामी का पहले से सबब बनी हुई हैं. उस पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों को भी कुचलने के लिए अपनाए जा रहे हथकंडों ने भी उसके काम करने के तरीके पर सवाल खड़े किए हैं. इस दौरान ऐसी कई घटनाएं हुई जिसने दिल्ली पुलिस ( delhi police ) की छवि एक ऐसे वर्दीधारी सगठन की बना दी जो सत्तारूढ़ पार्टी के दबाव में आकर काम कर रहा हो. विपक्षी राजनीतिक दल तो पिछले कई दिन से सरेआम और लगातार यह आरोप लगा ही रहे हैं. आरोप तो यहां तक लग रहा है कि दिल्ली पुलिस के कमिश्नर के पद से सतीश गोलचा को हटाया ही इसीलिए गया क्योंकि वे आंदोलनकारियों पर सख्ती बरतने के खिलाफ थे . जामिया मिलिया इस्लामिया में छात्र सघ चुनाव कराने की मांग पर शुरू हुए आन्दोलन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई से भी खाकी पर दबाव व बदनामी के छीटें पड़े .
ऐसे में शाहदरा थाने ( shahdara police station ) की घटना के बाद वकीलों के विरोध प्रदर्शन , हड़ताल और पुलिसकर्मियों को अदालत में घुसने तक न देने की धमकी के दबाव में आकर अपने अधिकारियों पर कार्रवाई करने की घटना ने पूरे पुलिस महकमे की बेबसी उजागर कर डाली. इसने पुलिस नेतृत्व पर भी सवाल खड़े कर दिए. हालांकि विवाद को बड़ा बवाल बनने से रोकने के लिए पुलिस या अन्य किसी सरकारी अधिकारियों का तबादला होना कोई अनोखी बात नहीं और ना ही यह कोई सजा है लेकिन शाहदरा थाने की घटना के बाद पुलिस और वकील समुदाय के बीच टकराव के बीच जो कुछ घटा उसमें वर्दी की गरिमा और सम्मान एक बड़ा मुद्दा बन कर उभरा. पुलिस परिसर के अंदर एक एसीपी रैंक के अधिकारी की मौजूदगी में किसी शख्स का एसएचओ को धमकाना , खींचना और बदतमीजी करना वहां उस संगठन के किसी भी अधिकारी को बुरा लगेगा. यही नहीं उस व्यक्ति या समुदाय के आगे झुक जाना तो लाजमी ही मनोबल कम करने वाला साबित होगा. वहीं यह कहीं ना कहीं स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाला भी है .
इन हालात के बीच कुछ पुलिसकर्मियों का आज के दिन ( 2 नवंबर ) पुलिस मुख्यालय पर पहुंच जमा होने का आह्वान किया गया था. प्रदर्शनकारी पुलिस कमिश्नर से मिलकर अन्य मुद्दों पर बातचीत के अलावा तीन मांगे कर रहे थे. पहली यह कि जिस स्थान से एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ( acp manasvi vashishth ) और इंस्पेक्टर ( एसएचओ) अरुण कुमार को हटाया गया , वहीं पर उनकी बहाली हो , प्रदर्शनकारी किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई न हो और पुलिस कमिश्नर संपर्क सभा करें. नई दिल्ली में जहां पुलिसकर्मी जमा हुए थे , वहां निषेधाज्ञा लागू है. बिना इजाजत प्रदर्शन आदि करना और 4 से ज्यादा व्यक्तियों का ऐसे जमा होना गैर कानूनी करार दिया गया है . लिहाज़ा नई दिल्ली के उपायुक्त ( डीसीपी ) सचिन शर्मा प्रदर्शनकारी पुलिस कर्मियों को समझाते बुझाते मनुहार करते रहे . अंतत पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार के सम्पर्क सभा करने और सीधे पुलिसकर्मियों से उनकी शिकायतें सुनने के लिए राजी होने पर बात बनी .
क्या कुछ हुआ संपर्क सभा में :
सम्पर्क सभा ( sampark sabha ) के बाद दिल्ली पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी करके कहा कि पुलिस मुख्यालय में ‘संपर्क सभा’ आयोजित की गई. इसमें दिल्ली के पुलिस आयुक्त ( police commissioner ) ने सभी विशेष आयुक्तों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों से बातचीत की और धैर्यपूर्वक उनकी शिकायतों व चिंताओं को सुना.
विभिन्न रैंकों के पुलिसकर्मियों ने पुलिस बल की गरिमा, वर्दी के सम्मान और अपनी शिकायतों के समाधान के लिए एक व्यवस्थित तंत्र (स्ट्रक्चर्ड मैकेनिज्म) की आवश्यकता जैसे मुद्दों को उठाया.
बयान में कहा गया कि पुलिसकर्मियों की बातों को ध्यानपूर्वक और सहानुभूति के साथ सुनने के बाद, दिल्ली के पुलिस आयुक्त ने सबसे पहले पुलिस बल द्वारा दिखाए गए पेशेवर रवैये, प्रतिबद्धता और अनुशासन की सराहना की. उन्होंने विशेष रूप से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में निभाई गई बेहतरीन भूमिका और ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए बल की प्रशंसा की. पुलिसकर्मियों की शिकायतों के संबंध में, कमिश्नर ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी जायज चिंताओं को दूर करने के लिए त्वरित और उचित कदम उठाए जाएंगे. इससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा और पुलिस की वर्दी की गरिमा व सम्मान भी कायम रहेगा.
वकीलों और पुलिस की संयुक्त समन्वय समिति :
पुलिस के बयान में यह भी कहा गया कि दिल्ली के विभिन्न बार एसोसिएशनों और बार काउंसिल के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पुलिस अधिकारियों द्वारा आधिकारिक कर्तव्यों के पालन के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए, जिला और पुलिस मुख्यालय (PHQ) स्तर पर उनके प्रतिनिधियों के साथ एक ‘संयुक्त समन्वय समिति’ (Joint Coordination Committee) गठित की जाएगी. इसके अलावा, पदोन्नति (प्रमोशन), एमएसीपी योजना ( macp scheme ) , आवास और सेवा से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी उचित ध्यान दिया जाएगा.
वरिष्ठ अधिकारी मातहतों से सीधा संवाद करें :
पुलिस ने आधिकारिक बयान के मुताबिक़ सभी जिला और यूनिट प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने स्तर पर नियमित रूप से ‘संपर्क सभाएं’ आयोजित करें. वे सभी रैंक के पुलिसकर्मियों के साथ सीधा संवाद सुनिश्चित करें, उनकी शिकायतों की तुरंत जांच करें और एक निश्चित समय-सीमा के भीतर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएं. वरिष्ठ अधिकारी स्वयं इन शिकायतों के समाधान की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी जायज चिंता को अनसुना न छोड़ा जाए.










