वैसे मामला जगज़ाहिर होने के बाद उदय कृष्ण ने किसी जहरीले पद्धार्थ का सेवन कर लिया था जिससे लगा था कि उन्होंने आत्महत्या के इरादे से ऐसा किया. बाद में पता चला कि उनकी तबीयत अत्यधिक शराब पीने के बाद बिगड़ी. वैसे उनके खिलाफ हैदराबाद के अत्तापुर थाने में केस दर्ज किया गया है .
अभावों भरे संघर्षशील जीवन के बावजूद कभी हीरो बने उदय कृष्ण की कामयाबी की कहानी ज़माने के सामने तब आई थी जब उनके बारे में आंधप्रदेश के मुख्यमंत्री सी चंद्र शेखर रेड्डी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट डाली थी. यह पोस्ट 29 अप्रैल 2025 को सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी. साथ में कांस्टेबल की वर्दी में उदय कृष्ण रेड्डी की तस्वीर थी. तस्वीर के साथ में कैप्शन लिखा था कि ”कांस्टेबल से आईपीएस ऑफिसर बनने का उदय कृष्णा रेड्डी का सफर यह साबित करता है कि हिम्मत और लगातार मेहनत के आगे कोई भी सपना बड़ा नहीं होता. उनकी कहानी हमें याद दिलाती है कि पक्का इरादा हर रुकावट को तोड़कर नई किस्मत लिख सकता है. भविष्य उन्हीं का होता है जो कभी हार नहीं मानते. ”
उदय के जीवन की रोचक कहानी किसी फ़िल्मी हीरो के किरदार से कम नहीं इसी जो अलग आलेख में प्रकाशित होगी फिलहाल ताज़ा केस की बात करते हैं .
केस क्या है :
दरअसल 18 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय पुलिस अकादमी ( national police academy ) में एक साथी महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने हैदराबाद के अत्तापुर थाने में उदय रेड्डी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, प्रताड़ना और धमकी देने के संगीन इल्जाम लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी . इसमें आईटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं . इसके अगले ही दिन (19 जुलाई) उदय कृष्ण रेड्डी के संदिग्ध परिस्थितियों में जान देने की कोशिश की खबर सामने आई. उदय ने शहर में अपने किसी मित्र के घर जाकर किसी जहरीले तरल पदार्थ का सेवन कर लिया था. जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.
अस्पताल से ही मिले उनके एक कथित सुसाइड नोट में उदय कृष्ण रेड्डी ने महिला अधिकारी के सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे आपसी सहमति का मामला बताया और महिला पर ही झूठे आरोप लगाने का दावा किया है. फिलहाल हैदराबाद पुलिस दोनों पक्षों की ओर से दिए गए बयानों और सबूतों के आधार पर मामले की विस्तृत कानूनी जांच कर रही है.
महिला ने बताया :
इसमें एक पहलू यह भी है उदय कृष्ण ने महिला प्रशिक्षु आईपीएस के साथ कोई वीडियो रिकॉर्ड किया था जो उन्होंने महिला अधिकारी के पति को भेज दिया था. महिला अधिकारी का कहना था कि रिकॉर्डिंग करते समय उनको बताया भी नहीं था . महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि रेड्डी ने उसे व्हाट्स ऐप पर यौन रूप से अपमानजनक मैसेज भेजे और दूसरे प्रोबेशनर्स के सामने उसके बारे में अपमानजनक बातें कहीं. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि रेड्डी ने बार-बार उस पर किसी दूसरे ट्रेनी के साथ रिश्ते में होने का आरोप लगाया, उसे यह बात मानने के लिए मजबूर किया और उसके साथ बदसलूकी की.
महिला ने कई घटनाओं का ज़िक्र किया हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उदय कृष्णा रेड्डी ने ज़बरदस्ती उनका मोबाइल फ़ोन लिया, उसे अनलॉक करने के लिए मजबूर किया, उनकी प्राइवेट चैट देखीं और बाद में फोन अपने कमरे में ले गए, साथ ही उनसे पासवर्ड भी ज़बरदस्ती ले लिया.
एक और घटना में, उन्होंने आरोप लगाया कि उदय ने उन्हें ग़लत तरीके से रोका, ज़बरदस्ती अपने कमरे में ले गए, उनके साथ मारपीट की, उनके बाल खींचे, गला घोंटने की कोशिश की और उन्हें जाने से रोकने के लिए उनकी गर्दन पर चाकू लगा दिया. उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के दौरान रेड्डी ने उन पर कंडोम के पैकेट फेंके. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि 10 जुलाई को एक और बार मारपीट हुई, जिसमें रेड्डी ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की.
सबसे गंभीर आरोपों में से एक यह था कि रेड्डी ने उनकी मर्ज़ी के बिना उनका एक प्राइवेट वीडियो चुपके से रिकॉर्ड किया और बाद में उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए वह वीडियो उनके पति को भेज दिया. उन्होंने रेड्डी पर उनके बारे में झूठी और अपमानजनक बातें फैलाकर उनकी बदनामी करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया.
उदय का कहना है : हम रिश्ते में थे
हालांकि, दो पेज के सुसाइड नोट में उदय रेड्डी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया. उन्होंने दावा किया कि महिला उनके मना करने के बावजूद जबरदस्ती उनके कमरे में घुसी थी . उदय का कहना था उसकी शादी के बाद भी वे फिजिकल और इमोशनल रिलेशनशिप में थे.

“मैं, उदय कृष्णा रेड्डी और (महिला) जून 2025 से रिलेशनशिप में थे. उसकी शादी के बाद भी, हम फिजिकल और इमोशनल तौर पर रिलेशनशिप में रहे. वह खुद मेरे कमरे में आई (उसने कई बार व्हाट्सएप चैट पर मुझे कमरा खोलने के लिए कहा) और झगड़ा शुरू किया. मैंने सबूत के तौर पर उन्हें अपने फोन में रिकॉर्ड किया. मैंने सिर्फ़ बचाव में उस पर प्रतिक्रिया दी, इसका वीडियो सबूत मौजूद है.”
उन्होंने आगे लिखा, “9 जुलाई को, वह खुद मेरे कमरे में यह कहकर आई कि उसे तेज़ …. इच्छा हो रही है. उसने बिना किसी सहमति के मुझे किस ( kiss ) किया और गले लगाया. इसलिए मैंने इसे सबूत के तौर पर रिकॉर्ड किया और उसके पति (नाम) को भेज दिया, क्योंकि मैंने उसे पहले ही कई बार मेरे कमरे में न आने के लिए कहा था.”
उदय कृष्णा ने आगे लिखा कि बाद में महिला ने “सब कुछ घुमा-फिराकर पेश किया” और आरोप लगाया कि उन्होंने उसके साथ मारपीट की, जो उनके अनुसार “सच नहीं है.” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उसके दोस्तों के उकसाने के बाद शिकायत दर्ज कराई गई और महिला, उसके पति और दो अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
उधर पुलिस ने कहा कि आरोपों की जांच चल रही है और इकट्ठा किए गए सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.










