ओमान के पास समुद्र में भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर अमेरिकी नौसेना (us navy) के हमलों में भारतीयों की मौत हो गई है. इसे लेकर भारत ने कड़ा विरोध दर्ज किया है.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि अमेरिकी नौसेना ने भारतीय चालक दल वाले तीसरे जहाज एमटी जलवीर पर भी हमला किया है. हालांकि इस पर सवार सभी 20 भारतीय महफूज़ हैं और उन्हें निकालने का काम जारी है.
इससे पहले एमटी सेटेबेलो (mt settebello) और एमटी मैरीवेक्स (mt merivex) पर भी हमले हो चुके हैं. इन घटनाओं में अब तक तीन भारतीय नाविकों की जान जा चुकी है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि तीनों जहाजों पर अमेरिकी नौसेना ने हमला किया है.
भारत ने इस मामले पर अमेरिकी राजदूत को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया और कहा कि जहाजों पर हो रहे हमले तुरंत बंद होने चाहिए.अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने भी तीनों जहाज पर हमले की बात मानी है.
भारत सरकार ने बताया है कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूदा वक्त में भारतीय झंडे (Indian flag) वाले 13 जहाज और 18 हजार से ज्यादा भारतीय नाविक मौजूद हैं. इनमें 562 नाविक भारतीय जहाजों पर तैनात हैं.













