एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायु सेना के उप प्रमुख नियुक्त

6
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को  भारतीय वायु सेना ( indian air force ) का  उप प्रमुख नियुक्त किया गया है. एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित एक बेहतरीन फाइटर पायलट और टेस्ट एविएटर हैं और वर्तमान में  तीनों सेनाओं के एकीकृत रक्षा स्टाफ (integrated defence staff) के प्रमुख हैं. एयर मार्शल दीक्षित  1 जुलाई को नया पदभार  संभालेंगे. इस साल के आखिर में एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह के रिटायर होने पर आशुतोष दीक्षित सबसे वरिष्ठ   एयर मार्शल बन जाएंगे.

एक  फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट के तौर पर, एयर मार्शल दीक्षित ने अपने लगभग चार दशक के करियर में मिराज-2000, मिग-21 और जगुआर समेत 20 से ज़्यादा तरह के एयरक्राफ्ट पर 3,300 से ज़्यादा घंटे उड़ान भरी है.

नेशनल डिफेंस अकादमी ( national defence academy ) के छात्र रहे आशुतोष  दीक्षित ने कई ऑपरेशनल, कमांड और स्टाफ पदों पर काम किया है. इन पदों पर रहते हुए वे भारतीय वायु सेना  के आधुनिकीकरण और उसकी क्षमता-विकास से जुड़े काम में मुख्य भूमिका निभाते रहे हैं.

उनका एक अहम काम मिराज-2000 फ्लीट के साथ रहा. एक ऐसी  स्क्वाड्रन के कमान अधिकारी  के तौर पर, जिसे नए उपकरण मिल रहे थे, उन्होंने फाइटर एयरक्राफ्ट को शामिल करने की प्रक्रिया की देखरेख की और फ्रांस से भारत तक नए मिराज विमानों की एक्सेप्टेंस और फेरी फ्लाइट्स का नेतृत्व किया. वे एयरक्राफ्ट के लिए मिशन-प्लानिंग सिस्टम को बेहतर बनाने के काम से भी जुड़े थे, जिनका इस्तेमाल बाद में ऑपरेशनल तैनाती और विदेशी अभ्यासों के दौरान किया गया.

फ्लाइट टेस्ट स्क्वाड्रन के कमांडर के तौर पर श्री दीक्षित  जगुआर और मिग-27 फाइटर विमानों के अपग्रेड प्रोग्राम में गहराई से शामिल रहे. उन्होंने इन विमानों की ऑपरेशनल क्षमता बढ़ाने और उनकी सर्विस लाइफ बढ़ाने में मदद की. टेस्ट पायलट के तौर पर अपने अनुभव के कारण उन्होंने एयर फोर्स टेस्ट पायलट स्कूल में इंस्ट्रक्टर के तौर पर भी काम किया.