चंडीगढ़ पुलिस में थोक भाव में किये गए तबादलों पर विवाद के बाद लगी रोक

721
चंडीगढ़ पुलिस
चंडीगढ़ पुलिस के तत्कालीन महानिदेशक तेजिन्दर सिंह लूथरा

चंडीगढ़ से रुखसती से ऐन पहले पुलिस महानिदेशक तेजिंदर सिंह लूथरा ने थोक भाव में जिन चंडीगढ़ पुलिस कर्मियों के तबादले किये थे, उन पर अमल फिलहाल रोक दिया गया है. श्री लूथरा का तबादला दिल्ली किया गया है और उनकी जगह पर, संघ शासित क्षेत्र राजधानी चंडीगढ़ की पुलिस की बागडोर, दिल्ली पुलिस में तैनात स्पेशल पुलिस कमिश्नर संजय बेनीवाल को सम्भालनी है.

गृह मंत्रालय ने 14 जून को भारतीय पुलिस सेवा के जिन अधिकारियों के तबादले किये थे, श्री लूथरा AGMUT कैडर के उन्हीं अधिकारियों में से एक है. अपने स्थानान्तरण आदेशों के अगले ही दिन यानी 15 जून को और फिर 3 दिन बाद यानि 18 जून को श्री लूथरा के आदेश पर जिन पुलिसकर्मियों के तबादले किये गये, उनकी तादाद 130 से ज्यादा है. इनमें एक डीएसपी, एक इंस्पेक्टर समेत सब इंस्पेक्टर और अन्य रैंक पुलिसकर्मियों के नाम हैं.

चंडीगढ़ पुलिस
चंडीगढ़ पुलिस में तबादले रोकने का आदेश
संजय बेनीवाल
1989 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय बेनीवाल बने चंडीगढ के नये महानिदेशक

इस बीच 19 जून को इन तबादलों पर रोक की सूचना चंडीगढ़ पुलिस के एसपी (मुख्यालय) ने जारी की है. इसमें कहा गया है कि तबादलों पर रोक के आदेश समुचित अथारिटी की मंजूरी से जारी किये गये हैं. 1990 बैच के श्री लूथरा का स्थान, उनसे एक बरस सीनियर बैच के IPS संजय बेनीवाल को लेना है जो सम्भवत: अगले हफ्ते चंडीगढ़ पुलिस चीफ की कुर्सी पर बैठेंगे.