पंजाब पुलिस में 10000 जवान भर्ती होंगे

295
पंजाब पुलिस
प्रतीकात्मक फोटो

भारत के पंजाब राज्य में बनी नई सरकार ने सबसे पहले लिए गये फैसलों में 10 हज़ार रिक्तियां पंजाब पुलिस में भरने की घोषणा की है. इस फैसले का ऐलान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में शनिवार (19 मार्च 2022 ) को अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक के बाद जारी वीडियो में किया है.

पंजाब के नवनियुक्त 10 मंत्रियों की पहली बैठक की अध्यक्षता करने के बाद वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (chief minister bhagwant mann) ने कहा कि सरकारी पदों पर भर्तियों से संबंधित विज्ञापन और अधिसूचनाएं जारी करने की प्रक्रिया एक महीने के भीतर शुरू कर दी जाएगी. उन्होंने कहा कि 10 हज़ार भर्तियाँ पंजाब पुलिस (punjab police) में की जाएंगी और बाकी 15 हज़ार विभिन्न विभागों, बोर्ड और निगमों में की जाएंगी.

पंजाब में बेरोजगारी (unemployment in punjab ) दूर करने से सम्बन्धित इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए भगवंत मान ने ये भी दावा किया कि ये भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ ‘ मेरिट’ (merit) के आधार पर होंगी. साथ ही इसमें न सिफारिश चलेगी और न ही रिश्वत चलने दी जाएगी.

उल्लेखनीय है कि पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में पहली बार आम आदमी पार्टी (aap) की सरकार बनी है. भगवंत मान ने 16 मार्च 2022 को पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. पंजाब में नये मंत्रिमंडल का गठन 18 मार्च को किया गया और अगले ही दिन यानि 19 मार्च को कैबिनेट की बैठक बुलाकर ये फैसले लिए गए.