जे साई कुमार ( j sai kumar ) नाम के करीबन 25 वर्षीय इस कॉन्स्टेबल का शव एलबी नगर के सहायक पुलिस आयुक्त ( एसीपी ) कार्यालय के रेस्ट रूम में तड़के करीब 2:30 बजे फंदे से लटका हुआ मिला था . कॉन्स्टेबल को ई कॉप्स ड्यूटी ( e-cops duty ) के लिए इस दफ्तर में तैनात किया गया था और वह रात की शिफ्ट में काम कर रहा था.
एलबी नगर थाने के एक अधिकारी का कहना था कि जैसे ही वहां मौजूद दूसरे पुलिसकर्मियों ने उसे देखा और तुरंत पास के कामिनेनी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया. जे साई कुमार का बड़ा भाई जे सेवल भी सशस्त्र रिजर्व पुलिस में सिपाही है. पता चलने पर उसने परिवार वालों को खबर दी थी .
जे साई कुमार के पिता जरपुला बोधया ( jarpula bodhya ) ने बतया कि तडके 3.30 बजे बड़े बेटे ने उनको इस घटना की खबर दी थी .
अधिकारी ने बताया कि मृतक रंगा रेड्डी जिले के मंचल मंडल के बांडालेमुरु गांव का रहने वाला था और एल बी नगर थाने से करीब एक किलोमीटर दूर करमनघाट में अपने दोस्तों के साथ एक कमरे में रहता था.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि वह शांत स्वभाव का व्यक्ति था और उसमें किसी तरह के तनाव के कोई संकेत नहीं दिखे. जांच में यह भी पता चला कि उसे परिवार से जुड़ी कोई समस्या नहीं थी. उसने मंगलवार को भी बिना किसी शिकायत के ड्यूटी की थी.
सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल ले जाया गया और एलबी नगर पुलिस स्टेशन में संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी थाने में पहुंचे और सिपाही की मौत के हालात के बारे में पूछताछ की.
हालात तनावपूर्ण होने पर हालात काबू में करने के लिए थाने से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया. एलबी नगर की पुलिस उपायुक्त ( डीसीपी ) अनुराधा ने खुद थाने का निरीक्षण किया और कॉन्स्टेबल की मौत के संभावित कारणों के बारे में पूछताछ की. वैसे पता यह भी चला है कि जे सेवल ने बड़े अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा था कि वह और नौकरी नहीं करना चाहता.
वहां मौजूद पत्रकारों से बात करते हुए, मृतक कॉन्स्टेबल के पिता ने यह मानने से इनकार कर दिया कि उनके बेटे ने आत्महत्या की है. उन्होंने सवाल किया , “जिस रेस्ट रूम में वह फंदे से लटका मिला, वहाँ खून के धब्बे थे. हम पुलिस से जानना चाहते हैं कि आखिर मेरे बेटे की मौत की असल वजह क्या थी,”
उनकी माँ ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को शायद प्रताड़ित किया गया था. उन्होंने शक जाहिर किया उनके बेटे को रकर फंदे से लटकाया गया ? कमरे में लगा सीसी टीवी कैमरा ( cc tv camera ) बन्द था. उनका यह भी कहना था कि बेटे का फोन बंद था और उनको बहुत देर बाद दिया गया .
इस बीच उस क्षेत्र ब्राहिमपटनम के विधायक मलरेड्डी रंगा रेड्डी, एलबी नगर थाने ( l b nagar police station) पहुँचे और पीड़ित परिवार से बात की.










