आईपीएस सागर प्रीत चंडीगढ़ के डीजीपी बनाए गए

37
सागर प्रीत हुड्डा चंडीगढ़ के नए डीजीपी ( फाइल फोटो)
भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सागर प्रीत हुड्डा को चंडीगढ़ पुलिस (chandigarh police) का प्रमुख बनाया गया है.  वर्तमान में वे दिल्ली पुलिस में स्पेशल कमिश्नर हैं.  वैसे पुलिस अधिकारी बनने से पहले भी और फिर बनने के बाद भी उनका नाता चंडीगढ़ से रहा है. श्री हुड्डा यहां स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र रहे हैं.
भारतीय पुलिस सेवा ( Indian police service) के 1997 बैच के अधिकारी सागरप्रीत हुड्डा (sagarpreet hudda) को चंडीगढ़ पुलिस महानिदेशक (DGP,  Chandigarh) के ओहदे पर स्थानांतरित करने के आदेश केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने आज (मंगलवार) जारी किए.  यह आदेश तुरन्त प्रभाव से लागू होंगे.
सागर प्रीत हुड्डा ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज (Civil Services) की परीक्षा 1997 में पास की और उनका चयन आईपीएस के लिए हुआ. उन्‍हें अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्रशासित प्रदेश (AGMUT cadre)  कैडर  आवंटित किया गया. 23 अगस्त 1997 को उनकी पोस्‍टिंग पुलिस में की गई. इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ भेजा गया था जहां वे  एएसपी के पद पर रहे.
दिल्ली व अन्य केंद्र शासित क्षेत्रों में  ज़िला और विभिन्न पुलिस इकाइयों के प्रमुख के तौर पर भी उनकी तैनाती रही है. वे प्रतिष्ठित लंडन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के छात्र रहे हैं.  यही नहीं उन्होंने खेल मंत्रालय में भी ऊंचे पद पर जिम्मेदारी निभाई है.
सागर प्रीत हुड्डा का जन्म 30 अगस्त 1969 को हरियाणा में हुआ था. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई हरियाणा से पूरी की. श्री हुड्डा ने पीएचडी (PhD) की डिग्री भी हासिल की. आमतौर पर एक आईपीएस ऑफिसर या आईएएस ऑफिसर के मामले में यह मुश्किल होता है.  असल में  अधिकारी बनने की होड़ या जुनून में  अक्सर छात्र संघ लोक सेवा आयोग (UPSC)  की  परीक्षा पास करने की  तैयारी में ही व्यस्त रहते हैं. लेकिन सागर प्रीत ने पढ़ाई का सिलसिला जारी रखा.

सागर प्रीत हुड्डा 1 जनवरी 2024 तक दिल्ली पुलिस में स्पेशल कमिश्नर (ऑपरेशंस) थे जहां उन्होंने PCR (पब्लिक कॉल रिस्पॉन्स) और कम्युनिकेशन प्रभाग की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद उनको  स्पेशल कमिश्नर  (इंटेलिजेंस) बनाया गया. इस रोल में वे इंटेलिजेंस ऑपरेशंस, मीडिया सेल और महिलाओं-बच्चों के लिए स्पेशल यूनिट (SPUWAC) और नॉर्थ-ईस्टर्न रीजन (SPUNER) की देखरेख भी कर रहे हैं.