बिहार कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित कुमार अभी केंद्रीय रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स ( central reserve police force) में विशेष महानिदेशक के तौर पर काम कर रहे हैं.
कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति मामलों की समिति ने आईपीएस अधिकारी अमित कुमार ( ips amit kumar ) को एसपीजी में विशेष कर्तव्य अधिकारी ( officer on special duty ) के तौर पर नियुक्ति को मंज़ूरी दे दी है. यह नियुक्ति पद संभालने की तारीख से प्रभावी होगी.
आदेश में कहा गया है कि अगले साल 31 मार्च को मौजूदा आईपीएस अधिकारी आलोक शर्मा का बढ़ा हुआ कार्यकाल पूरा होने के बाद अमित कुमार उनकी जगह एसपीजी के निदेशक ( spg director ) का पद संभालेंगे.
कौन हैं आईपीएस अमित कुमार:
बिहार से इंजीनियरिंग में मास्टर्स ( M.Tech) डिग्री हासिल करने वाले अमित कुमार भारतीय पुलिस सेवा के 1994 बैच के अधिकारी हैं. वे 2021 में महानिरीक्षक के तौर पर सीआरपीएफ में प्रतिनियुक्ति पर गए थे . इससे पहले वे बिहार पुलिस में अतिरिक्त महानिदेशक ( कानून व्यवस्था ) के पद पर थे . पिछले सात सालों में उन्हें प्रमोशन मिला और वे सीआरपीएफ में स्पेशल डीजी के स्तर तक पहुँचे.
मौजूदा चीफ का कार्यकाल बढ़ा:
आलोक शर्मा, जो पिछले महीने (जून 2026) 60 साल की उम्र पूरी होने पर रिटायर होने वाले थे, उन्हें 24 जून को एसपीजी के प्रमुख के तौर पर नौ महीने का सेवा विस्तार दिया गया था . अब वे मार्च 2027 में रिटायर होंगे.
कौन हैं आईपीएस आलोक शर्मा:
आलोक शर्मा (जन्म 15 जून 1966) उत्तर प्रदेश कैडर के 1991 बैच के इंडियन पुलिस सर्विस (IPS officer ) अधिकारी हैं और 17 नवंबर 2023 से विशेष रक्षा दल ( एसपीजी ) के डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं. उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी टेक और बीएससी की डिग्री पूरी की. उनकी शादी सीमा गुप्ता से हुई है, जो डॉ. भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस-चांसलर शांति स्वरूप गुप्ता की पुत्री हैं.













