वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन होंगे भारतीय नौसेना के अगले प्रमुख

6
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन (फाइल फोटो)
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन (फाइल फोटो)
सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को नौसेना स्टाफ के प्रमुख के रूप में नियुक्त किया है. वे  वर्तमान नौसेना स्टाफ प्रमुख, एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी से पदभार लेंगे जो , 31 मई, 2026 को सेवानिवृत्त होंगे.

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने 31 जुलाई, 2025 को पश्चिमी नौसेना कमान के 34वें फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यभार संभाला था . उन्हें 1 जुलाई, 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था और वे संचार तथा इलेक्ट्रॉनिक युद्ध (Electronic Warfare) के विशेषज्ञ हैं. वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला; जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, श्रिवेनहैम (यूनाइटेड किंगडम); कॉलेज ऑफ नेवल वॉरफेयर, करंजा; और यूनाइटेड स्टेट्स नेवल वॉर कॉलेज, न्यूपोर्ट (रोड आइलैंड) के पूर्व छात्र हैं.

परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित, वाइस एडमिरल स्वामीनाथन  ने अपने नौसेना करियर में कई महत्वपूर्ण परिचालन, स्टाफ और प्रशिक्षण पदों पर काम किया है. इनमें मिसाइल वेसल आईएनएस विद्युत् ,  INSआईएनएस विनाश, मिसाइल कोरवेट ,आईएनएस कुलिश, गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर आईएनएस  मैसूर और विमानवाहक पोत आई एन एस विक्रमादित्य की कमान संभालना शामिल है.

एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि रियर एडमिरल के पद पर पदोन्नति के बाद, स्वामीनाथन ने  दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि के मुख्यालय में मुख्य स्टाफ अधिकारी (प्रशिक्षण) के रूप में कार्य किया और पूरी भारतीय नौसेना में प्रशिक्षण के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

करियर:
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वाइस एडमिरल स्वामीनाथन ने भारतीय नौसेना सुरक्षा टीम (Indian Naval Safety Team) के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो नौसेना के सभी विभागों में परिचालन सुरक्षा की देखरेख करती है। इसके बाद, उन्होंने ‘फ्लैग ऑफिसर सी ट्रेनिंग’ के रूप में नौसेना के ‘वर्क अप संगठन’ (Work Up Organisation) का नेतृत्व किया, जिसके बाद उन्हें पश्चिमी बेड़े के ‘फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग’ के रूप में नियुक्त होने का गौरव प्राप्त हुआ। ‘स्वॉर्ड आर्म‘ (Sword Arm) की कमान संभालने के बाद, उन्हें ‘फ्लैग ऑफिसर ऑफशोर डिफेंस एडवाइजरी ग्रुप’ और भारत सरकार के लिए ‘ऑफशोर सुरक्षा और रक्षा सलाहकार’ के रूप में नियुक्त किया गया। वाइस एडमिरल के पद पर पदोन्नति के बाद, यह फ्लैग ऑफिसर पश्चिमी नौसेना कमान के चीफ ऑफ स्टाफ, कार्मिक सेवा नियंत्रक और NHQ में कार्मिक प्रमुख रहे। अपनी वर्तमान नियुक्ति से पहले, उन्होंने नौसेना मुख्यालय में नौसेना स्टाफ के वाइस चीफ के रूप में कार्य किया।

शिक्षा:

वाइस एडमिरल स्वामीनाथन की शैक्षिक योग्यताओं में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से बीएससी  की डिग्री; कोचीन विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से दूरसंचार में एमएससी (MSc) किंग्स कॉलेज, लंदन से रक्षा अध्ययन में एमए ; मुंबई विश्वविद्यालय से रणनीतिक अध्ययन में  एमफिल (M Phil) और मुंबई विश्वविद्यालय से अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन में पीएचडी शामिल हैं.