लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ ने लखनऊ एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के कमांडेंट का ओहदा संभाला

2
लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ
लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ

लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ ने शनिवार ( 1 अगस्त 2026 ) को  लखनऊ स्थित सेना चिकित्सा कोर ( army medical corps ) केंद्र  एवं कॉलेज के कमांडेंट और एएमसी रिकॉर्ड्स के प्रभारी अधिकारी ( officer in charge ) का पदभार संभाला.  इससे पहले, लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ पूर्वी कमान मुख्यालय  में मेजर जनरल (मेडिकल)  के ओहदे  पर तैनात थे.

लखनऊ स्थित एएमसी सेंटर एवं कॉलेज, भारतीय सेना का प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान है. इस  संस्थान की ज़िम्मेदारी  आर्मी मेडिकल कोर के भविष्य के नेतृत्व को प्रशिक्षित और तैयार करने के साथ-साथ सैन्य चिकित्सा शिक्षा और पेशेवर उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों को बनाए रखना भी है .

असम के सिलचर मेडिकल कॉलेज के पूर्व छात्र, लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ एक प्रतिष्ठित रेडियोलॉजिस्ट हैं और उन्होंने सीटी व एमआरआई में प्रशिक्षण प्राप्त किया है. 36 वर्षों के अपने शानदार करियर के दौरान, उन्होंने आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विसेज ( armed forces medical services) में क्लिनिकल, अकादमिक , ऑपरेशनल, रिसर्च और प्रशासनिक भूमिकाओं में काम किया है.

जनरल जे. देबनाथ ने कई प्रतिष्ठित कमान, स्टाफ और इंस्ट्रक्शनल (प्रशिक्षण संबंधी) पदों पर कार्य किया है और मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा प्रशासन और सैन्य चिकित्सा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. नेतृत्व और संस्थान निर्माण में  व्यापक अनुभव ने उनको  एक कुशल चिकित्सक, शिक्षक और प्रशासक के रूप में पहचान दिलाई है. वे  लखनऊ स्थित मध्य कमान के कमान अस्पताल  की कमान भी संभाल चुके हैं. यही नहीं वे चार साल तक   ‘मेडिकल जर्नल आर्म्ड फोर्सेज इंडिया’ (MJAFI) के प्रधान संपादक ( editor in chief ) भी रहे.