आमतौर पर ऐसा फिल्मों में ही होता है लेकिन एली रोजर्स ( eli rogers ) स्क्रीन का नहीं असल जिंदगी का एक वर्दीधारी हीरो है. अमेरिका में आजकल यह जाबांज चर्चा में तब आया जब कुछ दिन पहले के इसके कारनामे को वीडियो पुलिस विभाग ने बेहद गर्व के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया. बदले में इसे खूब वाहवाही , शुभकामनाएं और दुआएं मिल रहीं हैं.
घटना अमेरिका के टेनेसी राज्य के हैमिल्टन काउंटी स्थित एक शहर चैटानूगा की है. वो 1 मई की रात थी जब एक अपार्टमेंट में लगी आग की सूचना ड्यूटी पर तैनात चैटानूगा पुलिस विभाग ( chattanooga police department) के कर्मी एली रोजर्स को मिली लेकिन जब तक वह मौके पर पहुंचा , लपटों ने घर को चपेट में ले लिया था . आसपास के लोगों ने उसे बताया कि भीतर कुछ लोग फंसे हैं. दो मंजिला अपार्टमेंट का मुख्य दरवाज़ा बंद था . नज़दीक जाने पर रोजर्स देख पा रहा था कि भीतर कोई है लेकिन उनको शायद बाहर निकलने के लिए दरवाज़े तक पहुंचने का रास्ता नहीं मिल पा रहा.
आग के बढ़ने और भीतर फंसे लोगों की जान के खतरे के मद्दे नज़र हालात ऐसे नहीं थे नहीं थे कि फायर ब्रिगेड या किसी अन्य तरह की मदद का इंतज़ार किया जाता.ऐसे में पल भर की देरी किए बिना एली रोजर्स ने खुद ही कमान संभाली और दो प्रयासों में ही दरवाज़ा तोड़कर भीतर घुसने में कामयाब हो गया . वह दौड़ता हुआ और दरवाजे को किक किया. उसके शरीर में बंधे कैमरे ( body camera) में रेकॉर्ड हुए वीडियो में उन पलों का पूरा मंजर दिखाई दे रहा है. वीडियो में भीतर महिला और उसके दो बच्चे धुंएँ में फंसे नजर आ रहे हैं . इससे पहले कि आग अंदर फैलकर उन तक पहुंचती , एली रोजर्स ने 4 साल की बच्ची मार्लो को गोद में उठाया और दरवाजे से बाहर निकला . उसके पीछे पीछे ही महिला रैचल ब्लेलॉक अपने 10 साल के बेटे चार्ल्स के साथ बाहर निकल आई . सभी सुरक्षित थे.
फ़ुटेज में दिखाया गया है कि रोजर्स बच्ची मार्लो को गोद में उठाकर अपार्टमेंट से बाहर ला रहे हैं, जबकि ब्लेलॉक अपने बड़े बच्चे के साथ उनके पीछे-पीछे आ रही हैं. पुलिस विभाग ने एक बयान में कहा, “पुलिस को आग बुझाने की ट्रेनिंग नहीं दी जाती, लेकिन वे सेवा करने और सुरक्षा देने की शपथ ज़रूर लेते हैं.” “और रोजर्स ने ठीक वैसा ही किया. ”
सुरक्षित बाहर आने के बाद महिला ब्लेलॉक ने बताया कि रोजर्स के अपार्टमेंट में घुसने से पहले, उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वे अकेले ही दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर कैसे निकाल सकेगी. ब्लेलॉक बोलीं “मैं बार-बार यही सोच रही थी कि मैं दो बच्चों को सीढ़ियों से नीचे कैसे ले जाऊँगी?” “उन्होंने बस उसे गोद में उठा लिया, और वे वापस अंदर जाने के लिए भी तैयार थे.”
एली रोजर्स ने साहस और बहादुरी का ही परिचय नहीं दिया , उनकी सरलता ने भी लोगों का मन मोह लिया. ब्लेलॉक का कहना था कि रात कुछ देर बाद जब उन्होंने अपनी और बच्चों की जान बचाने के लिए एली रोजर्स से सम्पर्क करने की कोशिश की तो पता चला कि उनको निकालकर पहुंचाने के बाद एली रोजर्स अपनी ड्यूटी पर एक अन्य कॉल पर चले गए थे.
पुलिस विभाग ने रोजर्स के इस काम की तारीफ़ करते हुए इसे बहादुरी और समाज के प्रति समर्पण की एक बेहतरीन मिसाल बताया. चैटानूगा पुलिस ने सोमवार को अपने फ़ेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया, “ सीपीडी को आप जैसे बेहतरीन अफ़सर पर गर्व है.”
चैटानूगा, संयुक्त राज्य अमेरिका ( united states of america) के टेनेसी राज्य के हैमिल्टन काउंटी में स्थित एक शहर और काउंटी सीट है. यह शहर टेनेसी नदी के किनारे बसा है और जो दक्षिण में जॉर्जिया से सटा हुआ है.













