एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक़ , 1994-बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईपीएस अधिकारी नीरज ठाकुर ( neeraj thakur ) को ट्रैफिक विभाग से हटाकर ज़ोन-II का स्पेशल कमिश्नर ( कानून व्यवस्था ) नियुक्त किया गया है. उनके एक बैच जूनियर, 1995-बैच के आईपीएस अधिकारी देवेश चंद्र श्रीवास्तव को ज़ोन- 1 का स्पेशल कमिश्नर ( कानून-व्यवस्था ) नियुक्त किया गया है. देवेश श्रीवास्तव पहले स्पेशल कमिश्नर (अपराध) के तौर पर काम कर रहे थे. यह फेरबदल कुछ ही दिन पहले इन्हीं ओहदों को संभाल रहे मधुप तिवारी और रविंदर सिंह यादव के दिल्ली से बाहर तबादले किए जाने के बाद हुआ है. जोन -I में घनी आबादी वाले उत्तर , मध्य और पूर्वी दिल्ली के वो तमाम क्षेत्र हैं जहां अपराध अधिक होते हैं जबकि जोन II में पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली के साथ साथ नई दिल्ली के हाई प्रोफाइल व संवेदनशील क्षेत्र भी आते हैं.
पहले मधुप तिवारी स्पेशल कमिश्नर (कानून-व्यवस्था ज़ोन-II) थे. उनका 2 मई को अरुणाचल प्रदेश तबादला कर दिया गया था, जबकि रविंद्र सिंह यादव, स्पेशल कमिश्नर (कानून-व्यवस्था ज़ोन-I) थे . उनको अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का पुलिस महानिदेशक ( director general of police) बनाया गया था.
आदेश में यह भी कहा गया है कि आईपीएस डेविड लालरिन्सांगा ( 1995-बैच) जो अभी स्पेशल कमिश्नर (ऑपरेशंस, पुलिस नियंत्रण कक्ष और संचार) के तौर पर काम कर रहे हैं उन्हें अब स्पूवाक ( SPUWAC) का प्रभार भी दिया गया है. डेविड लालरिन्सांगा ( david lalringsanga ) के पास स्पूनर ( SPUNER ) का अतिरिक्त प्रभार भी है. स्पूनर का मतलब पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए विशेष पुलिस इकाई (special unit for north eastern region) है, जबकि स्पूवाक का मतलब महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष पुलिस इकाई ( special unit for women and children) है.
आईपीएस ( 1996 बैच ) मनीष अग्रवाल को विशेष आयुक्त (खुफिया विभाग) से हटाकर दिल्ली के यातायात की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है . श्री अग्रवाल को स्पेशल कमिश्नर ( ट्रैफिक ) नियुक्त किया गया है .उनके पास पहले से ही जन यातायात सुरक्षा विभाग ( public transport safety division ) का अतिरिक्त प्रभार भी है . इसी तरह, 1996-बैच के ही आईपीएस अधिकारी अजय चौधरी को सतर्कता विभाग से हटाकर विशेष आयुक्त (सुरक्षा प्रभाग) बनाया गया है.
1997 बैच के आईपीएस अधिकारी हर गोबिंदर सिंह धालीवाल को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से वापस दिल्ली बुला लिया गया है. धालीवाल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के डीजीपी के पद पर काम कर रहे थे. इससे पहले, धालीवाल दिल्ली में ट्रैफिक ऑपरेशंस की देखरेख करने वाले विशेष आयुक्त के तौर पर काम कर चुके हैं.
आदेश में आगे कहा गया है कि 1997-बैच के आईपीएस अधिकारी अतुल कटियार को स्पेशल कमिश्नर (सतर्कता विभाग) नियुक्त किया गया है. अतुल कटियार को कल्याण और लाइसेंसिंग विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
विजय कुमार को विशेष आयुक्त (सशस्त्र पुलिस) के तौर पर अपनी भूमिका के अलावा, जन यातायात सुरक्षा डिवीजन ( public transport safety division ) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. 1998-बैच के आईपीएस अधिकारी के. जगदेसन को स्पेशल कमिश्नर (ख़ुफ़िया विभाग ) नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें दिल्ली पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक ( MD, DPHC) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.













