डॉ. जैन ने एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल का स्थान लिया है। लंबे समय बाद संभवतः पहली बार किसी महिला पुलिस अधिकारी को संवेदनशील अमृतसर ग्रामीण पुलिस जिले की कमान सौंपी गई है .
डॉ प्रज्ञा जैन को पुलिस व्यवस्था और नशा विरोधी अभियानों व्यापक अनुभव है. इससे पहले वह फरीदकोट और फाजिल्का में भी एसएसपी रह चुकी हैं. इसके अलावा, उन्होंने अमृतसर शहर के पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी ) के रूप में भी सेवाएं दी हैं.
अमृतसर ग्रामीण का क्षेत्र पाकिस्तान के साथ 100 किलोमीटर से अधिक लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है. इस कारण यहाँ सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी एक बड़ी चुनौती है. ड्रोन के जरिए भी सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थ गिराए जाते हैं.
अमृतसर पहुंचने पर डॉ. जैन ने श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में माथा टेका और सभी की भलाई, शांति और समृद्धि के लिए अरदास की.
अपने पिछले कार्यकालों के दौरान उन्होंने आपराधिक गिरोहों और आतंकी नेटवर्क के खिलाफ अभियानों का नेतृत्व किया तथा नशा विरोधी मुहिम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. राज्य स्तरीय नशा विरोधी अभियान ‘मिशन निश्चय’ के तहत फाजिल्का और फरीदकोट में 350 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया.
लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट में तैनाती के दौरान 60 लाख से अधिक नशीली गोलियां और कैप्सूल जब्त किए गए। वहीं, खन्ना में एसपी (डी ) के पद पर रहते हुए उनके कार्यकाल में लगभग 200 हथियार बरामद किए गए.
फरीदकोट की एसएसपी के रूप में उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. जैन पंजाब की पहली महिला आईपीएस अधिकारी बनीं, जिन्हें केंद्रीय गृह मंत्री का दक्षता पदक (Union Home Minister’s Dakshata Padak) मिला. उन्हें कई डीजीपी प्रशंसा डिस्क और प्रशस्ति पत्र भी मिल चुके हैं.
स्वर्ण मंदिर में माथा टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. जैन ने कहा कि गुरुओं की पवित्र नगरी अमृतसर के लोगों की सेवा करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है.










