मेरठ से हटाए गए आईपीएस अविनाश पांडेय : चारू निगम और केके बिश्नोई का भी तबादला

3
यूपी में तैनात आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई , अविनाश पांडेय (बीच में ) और चारू निगम
यूपी में तैनात आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई , अविनाश पांडेय (बीच में ) और चारू निगम
उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में प्रदर्शनकारियों पर थप्पड़ चलाने और उनमें से हिरासत में लिए गए एक शख्स  को कैदियों की वैन में घुसकर पीटने की वजह से सोशल मीडिया पर वायरल हुए भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी सुर्खियों अविनाश पांडेय को अब जिले से हटा दिया गया है. उनका नाम उन 9 आईपीएस अधिकारियों की लिस्ट में  है जिनके तबादले के आदेश गुरुवार को जारी हुए . अविनाश पांडेय को फिलहाल लखनऊ स्थित यूपी पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है . उनके स्थान पर बीबीजीटीसी मूर्ति को मेरठ का नया एसएसपी ( ssp meerut)  तैनात किया गया है .

कुछ दिन पहले अपनी शादी के कारण सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए आईपीएस अधिकारी के के बिश्नोई ( krishna kumar bishnoi) को सम्भल से हटाकर बिजनौर जिले का पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है. उनकी शादी आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा ( ips anshika verma) से मार्च 2026 में हुई थी. आईपीएस केके बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं. आईपीएस अंशिका वर्मा अपनी बरेली में नियुक्ति  के दौरान लोकप्रिय हुई थीं. वैसे बिश्नोई 2018 बैच के और अंशिका 2021 बैच के यूपी कैडर के अधिकारी हैं .  बताया जाता है कि दोनों की मुलाक़ात और दोस्ती  उनकी गोरखपुर (gorakhpur) में पोस्टिंग के दौरान हुई थी .

इस तबादला सूची में चारु निगम एक और ऐसी आईपीएस अधिकारी हैं जो विभिन्न कारणों से सुर्ख़ियों में रहती हैं. निडरता और अड़ियल स्वभाव ने उनको लोकप्रिय भी बनाया. 2014 बैच की आईपीएस चारु निगम को सुल्तानपुर जिले के एसपी ( sp sultanpur) के पद से  हटाकर यूपी पुलिस सेवा 112 में एसपी नियुक्त किया गया है . उनको सुल्तानपुर में आए अभी मुश्किल से 6 महीने हुए थे.  अब उनके स्थान पर उन्ही के बैच मेट विनीत जायसवाल को सुलतानपुर का नया एसपी बनाया गया है .

नए तबादलों के कारण किस अधिकारी के स्थान पर कौन आया ?  इसकी स्थिति इस प्रकार है:

विनीत जायसवाल: 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी विनीत जायसवाल  अभी तक  गोंडा जिले में  एसपी के पद पर  थे. अब उनका तबादला सुल्तानपुर एसपी के पद पर किया गया है .

चारू निगम: 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी चारू निगम अभी सुल्तानपुर एसपी के पद पर काम कर रही थीं. उनको  यूपी-112 लखनऊ में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है.

अविनाश पांडे: 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी अविनाश पांडे मेरठ एसएसपी के ओहदे  पर तैनात  थे. उनका तबादला करके  पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में एसपी पद पर संबद्ध किया गया है.

बीबीजीटीसी मूर्ति: 2015 बैच के आईपीएस झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का तबादला किया गया है . उनको  झांसी के एसएसपी पद से हटाकर मेरठ का एसएसपी बनाया गया है. उनका पूरा नाम बतल्ला बाला गंगाधर तिलक संतोष मूर्ति  (bathalla bala gangadhara tilak santhosh murthy) है.

अभिषेक: 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक को बिजनौर के एसपी  पद से हटाया  गया है. उनको  गोंडा जिले में एसपी के पद पर तैनात किया गया है.

कृष्ण कुमार बिश्नोई : 2018  बैच के आईपीएस के के बिश्नोई अभी तक सम्भल जिले के पुलिस कप्तान थे. उनको बिजनौर जिले में भेजा गया है .

विकास चंद्र त्रिपाठी: यूपी राज्य पुलिस के अधिकारी से आईपीएस बने विकास चंद्र त्रिपाठी को तरक्की वाला पद मिला है . अभी तक वे  बाराबंकी में  अपर पुलिस अधीक्षक थे . अब विकास चंद्र  को संभल का एसपी बनाया गया है.