एन एस राजा सुब्रमणि भारत के तीसरे सीडीएस हैं . उनसे पहले जनरल अनिल चौहान और जनरल बिपिन रावत भारत के सीडीएस थे . साठ वर्षीय ( जन्मतिथि 21 जुलाई 1965 ) एन. एस. राजा सुब्रमणि भारत के उप सेना प्रमुख रह चुके हैं . उन्होंने 14 दिसंबर 1985 को भारतीय सेना की गढ़वाल रेजीमेंट की 8 वीं बटालियन में कमीशन हासिल किया था.
1 जुलाई 2024 को, लेफ्टिनेंट जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने सेना स्टाफ के 47वें वाइस चीफ का पदभार तब संभाला था जब यह ओहदा लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के सेना प्रमुख बनने के बाद खाली हुआ था. सक्रिय सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद, भारत सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय ( national security council secretariat) में सैन्य सलाहकार नियुक्त किया और उन्होंने 1 सितंबर 2025 को यह कार्यभार संभाला था. सरकार ने 9 मई 2026 को उन्हें भारत के सीडीएस के तौर नियुक्त किया था.
जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा कि सशस्त्र बलों ने देश के हितों की रक्षा करने में लगातार अपनी पेशेवर काबिलियत और ऑपरेशनल फ़ैसले लेने की क्षमता का प्रदर्शन किया है, और वे भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने सैनिकों, नौसैनिकों और वायु योद्धाओं की बहादुरी और पेशेवर काबिलियत की भी तारीफ़ की, और भरोसा दिलाया कि उनकी ट्रेनिंग और भलाई उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी.
पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की भलाई के प्रति सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि सशस्त्र बल पूरी लगन, बहादुरी, सम्मान और पेशेवर काबिलियत के साथ देश की सेवा करते रहेंगे.
आज सुबह इससे पहले, नई दिल्ली में साउथ ब्लॉक के लॉन में जनरल सुब्रमणि को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया. उन्होंने राष्ट्रीय समर स्मारक ( national war memorial ) पर शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी.













