केंद्रीय गृह मंत्रालय (home ministry) ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा को हटा कर उनकी जगह अनुराग कुमार को तैनात करने का आदेश जारी किया. सतीश गोलचा की नई तैनाती के बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है . उनको फिलहाल दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है. और उनकी जगह 1994 बैच के IPS अधिकारी अनुराग कुमार को तीन साल के लिए नियुक्त किया गया है जो वर्तमान में भारतीय ख़ुफ़िया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो ( intelligance bureau ) में विशेष निदेशक के पद पर हैं.
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक आदेश में कहा, “सक्षम अधिकारी की मंज़ूरी से, 1994 बैच के आईपीएस – ए जी एम यूटी कैडर (IPS-AGMUT cadre) के अनुराग कुमार को पद संभालने की तारीख से और अगले आदेश तक दिल्ली का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया जाता है. ”
सतीश गोलचा ने 22 अगस्त 2025 को एसबीके सिंह की जगह लेते हुए दिल्ली पुलिस के कमिश्नर का ओहदा संभाला था और उनका कार्यकाल 2027 तक का तय था. यानि इस पद पर उन्हें अभी 11 महीने भी पूरे नहीं हुए कि अचानक हटा दिया गया.

कौन हैं नए कमिश्नर :
राजधानी दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम- यूटी कैडर ( agmut cadre ) के भारतीय पुलिस सेवा (indian police service ) के अधिकारी हैं. करियर के शुरूआती दिनों में अनुराग कुमार दिल्ली में विभिन्न जिलों में पुलिस उपायुक्त ( डीसीपी ) रहे हैं लेकिन कई बरसों से पुलिस के सामान्य कामकाज से अलग हैं. पिछले बीस साल केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर वे से इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में कार्यरत हैं .
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले और इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री रखने वाले अनुराग कुमार को 32 साल का अनुभव है . आईबी में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान, उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी रणनीतियों, खुफिया जानकारी के विश्लेषण और सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों से संबंधित अहम जिम्मेदारियां संभाली.
आईपीएस अनुराग कुमार को 2010 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक और 2016 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया. ये सम्मान उन अधिकारियों को दिए जाते हैं जिन्होंने पुलिस सेवा में असाधारण योगदान दिया हो.










