समुद्र में भारत और पाकिस्तान के जहाजों की टक्कर के बाद विवाद , दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर दोष मढ़ा

4
भारतीय नौसेना का पोत आईएनएस कोलकाता (फाइल फोटो )
भारतीय नौसेना का पोत आईएनएस कोलकाता (फाइल फोटो )

उत्तरी अरब सागर  में भारतीय नौसेना के एक प्रमुख युद्धपोत और पाकिस्तान नौसेना के एक जहाज के बीच मंगलवार को हुई टक्कर के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य और राजनयिक स्तर पर विवाद शुरू हो गया है . टक्कर के लिए दोनों पक्ष एक दूसरे को दोष दे रहे  हैं. एक तरफ नई दिल्ली ने बुधवार को इस्लामाबाद के सामने इसे “पाकिस्तानी नौसेना इकाइयों का  गैर-पेशेवर व्यवहार” बताते हुए  कड़ा विरोध दर्ज कराया वहीं पाकिस्तान इस घटना के लिए भारतीय नौसेना को दोष दे रहा है. पाकिस्तान ने इस मामले में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से दखल देने को कहा है .

भारत ने पाकिस्तान में अपने कार्यदूत ( charge d affaires) को भी निर्देश दिया  है कि वे इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का विरोध दर्ज कराएं. हालांकि पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. वैसे  पाकिस्तानी मीडिया की खबरों  में वहां के विदेश विभाग  के हवाले से दावा किया गया है कि इस घटना को लेकर  पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय कार्यदूत के समक्ष नाराजगी ज़ाहिर की है.

भारत का कहना है कि इस हादसे में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ लेकिन पाकिस्तान का कहना है उसके युद्धपोत पीएनएस हुनैन  को काफी क्षति पहुंची है.

घटना क्या है :

यह  हादसा 15 सितम्बर की शाम का है जब उत्तरी अरब सागर ( north  में भारतीय नौसेना का पोत आईएनएस कोलकाता और पाकिस्तान नौसेना के पोत पीएनएस हुनैन के बीच टक्कर हुई. यह स्थान ओमान की खाड़ी से लगभग 120 नॉटिकल मील दूर है  जहां पिछले कई महीनों से, भारतीय नौसेना के विध्वंसक (destroyers) और फ्रिगेट मिशन पर तैनात हैं.

भारत का कहना है कि यह अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र है जहां तेज रफ्तार और बेतरतीबी से आया पाकिस्तानी  नौ सेना का एक जहाज़  भारतीय नौसेना के आईएनएस कोलकाता से टकरा गया . भारत ने इसे  उस जहाज़ पर तैनात  पाकिस्तानी नेवी इकाई का गैर पेशेवर व्यवहार और दोनों देशों के बीच अप्रैल 1991 में हुई जलसन्धि ( 1991 india pakistan agreement) के अनुच्छेद 10 का उल्लंघन बताया है . इसमें  कहा गया है कि दोनों देशों में से कोई भी इस जल क्षेत्र में सैन्य अभ्यास या ऐसी गतिविधि करने से पहले दूसरे को सूचित करेगा . भारत का कहना है कि पाकिस्तान ने ऐसा न करके करार के नियम तोड़ा है .

विवाद क्या है :
आईएनएस कोलकाता से पाकिस्तान को जो पोत टकराया वो पीएनएस हुनैन है. जो हादसे के वक्त पाकिस्तान नौसेना के सीस्पार्क 26 अभ्यास   ( seaspark 26 exercise) में शामिल था. यह  एक ऑफशोर पेट्रोल वेसल (तटीय गश्ती जहाज) है और अपने कॉम्बैट सूट के कारण अक्सर यार्मूक-क्लास कार्वेट के रूप में वर्गीकृत किया जाता है. पाकिस्तान का कहना है कि पीएनएस हुनैन पोत पाकिस्तान के आर्थिक क्षेत्र ( exclusive economic zone ) में था.

पाकिस्तानी मीडिया की खबरों के मुताबिक़ पाकिस्तान ने इस हादसे के लिए भारतीय नौसेना के पोत आईएनएस कोलकाता  को जिम्मेदार  ठहराते हुए कहा है कि अभ्यासरत पीएनएस हुनैन के बार बार चेतावनी देने के बावजूद आईएनएस कोलकाता खतरनाक ढंग से उसके करीब आया और इससे टक्कर हुई .

पाकिस्तान नौसेना का पोत पीएनएस हुनैन ( फाइल फोटो )
पाकिस्तान नौसेना का पोत पीएनएस हुनैन ( फाइल फोटो )

इन खबरों में पाकिस्तान की तरफ से एक और आरोप लगाते हुए कहा गया है कि भारतीय पोत और उस पर तैनात हेलीकॉप्टर  7 सितंबर से शुरू हुए इस अभ्यास में घुसने की चेष्टा कर रहा था .

हादसे के बाद :  
आकार और वजन में अपने से  तीन गुना बड़े और शक्तिशाली भारतीय पोत से समुद्र में लगी इस टक्कर के कारण  पाकिस्तानी जहाज पीएनएस हुनैन ( pns hunain ) को  नुकसान पहुंचा और वह अपने घरेलू बंदरगाह की ओर लौट गया.  भारतीय युद्धपोत को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वह अपने नियमित निगरानी मिशन पर बना रहा.

भारत – पाकिस्तान में फिर टकराव : 
2025 में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में सैलानियों पर आतंकवादी हमले की घटना के फलस्वरूप कार्रवाई  करते हुए भारत ने हवाई हमले करके आतंकियों के  पाकिस्तान में मौजूद ठिकानों को तबाह कर डाला था . पाकिस्तान की सेना की तरफ से की गई प्रतिक्रियात्मक कार्रवाई से सैन्य  टकराव शुरू हुआ था जो 4 दिन बाद थमा. परमाणु शक्ति युक्त देशों भारत और पाकिस्तान  के बीच तब से कमोबेश शांति बनी हुई थी .