भारतीय सेना के विभिन्न अंगों में अधिकारियों की भर्ती के लिए संघ लोक सेवा आयोग की तरफ से सम्मिलित रक्षा सेवा 2022 (combined defence service exam 2022) के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. 4 सितंबर 2022 को ली गई इस परीक्षा को पास करने वाले 6658 उम्मीदवारों का अब रक्षा मंत्रालय के सेवा चयन बोर्ड की तरफ से इंटरव्यू लिया जाएगा. सफल उम्मीदवारों की लिस्ट यूपीएससी की वेबसाइट के अलावा भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना की वेबसाइट पर जारी की गई है. परीक्षा से सम्बन्धित कोई भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए यूपीएससी के गेट ‘सी’ के पास बने सुविधा केंद्र से सम्पर्क किया जा सकता है.
रक्षा मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिन उम्मीदवारों ने सेना (भारतीय सैन्य अकादमी/अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी) को अपने प्रथम विकल्प के तौर पर चुना है, वे भर्ती निदेशालय की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर स्वयं को ऑनलाइन पंजीकृत करें ताकि उन्हें एसएसबी साक्षात्कार की सूचना मिल सके. जिन उम्मींदवारों ने खुद को भर्ती निदेशालय की वेबसाइट पर पहले ही पंजीकृत कर लिया है, उन्हें फिर से ऐसा करने की ज़रुरत नहीं है.
मंत्रालय की विज्ञप्ति में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि उनके पते में किसी प्रकार का बदलाव हुआ हो तो इसकी सूचना, सीधे सेना मुख्यालय/नौसेना मुख्यालय/वायु सेना मुख्यालय, जैसा भी मामला हो, को तुरंत दें.













