झारखंड के अफसरों में केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने की होड़, अब तक 26 आईपीएस बाहर हैं

4
आईपीएस अधिकारी चन्दन कुमार झा और ए. विजयलक्ष्मी ( फाइल फोटो )
आईपीएस अधिकारी चन्दन कुमार झा और ए. विजयलक्ष्मी ( फाइल फोटो )

भारतीय पुलिस सेवा ( indian police service) के झारखंड कैडर के दो और अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में हरी झंडी दे दी है और दोनों ही अधिकारियों को झारखंड से जल्दी  विरमित करने की प्रक्रिया चल रही है . इन  दो अधिकारियों के नाम ए. विजयलक्ष्मी और  चंदन कुमार झा हैं . इनको मिलाकर झारखंड कैडर के अब  28 आईपीएस अफसर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर अलग अलग बलों में हो जाएंगे.

भारतीय पुलिस सेवा के झारखंड कैडर के 2006 बैच की अधिकारी ए. विजयलक्ष्मी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में महानिरीक्षक ( आईजी ) के ओहदे पर तैनाती को हरी झंडी मिल चुकी है . वे वर्तमान में झारखंड पुलिस की आईजी ( प्रशिक्षण ) के पद पर हैं

झारखंड पुलिस में उप महानिरीक्षक (सीआईडी )  चंदन कुमार झा को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ( central industrial security force ) में डीआईजी के पद पर पदस्थापन की मंज़ूरी मिली है .  चंदन कुमार झा 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. झारखंड सरकार के विरमित आदेश के बाद दोनों  अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए चले  जाएंगे.

 

प्रतिनियुक्ति पर कई अधिकारी:
झारखंड कैडर के आईपीएस सुरेन्द्र कुमार झा हाल ही में सीमा सुरक्षा बल ( border security force ) बीएसएफ में डीआईजी के पद पर गए हैं . वे झारखंड पुलिस कें डीआईजी कार्मिक थे . प्रतिनियुक्ति पर उनकी यह तैनाती पिछले महीने ही हुई है . केंद्रीय गृह मंत्रालय के पत्र के आलोक में राज्य सरकार ने उन्हें विरमित किया था. उन्हें मिलाकर  26 आईपीएस अधिकारी वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं.  अब दो और आईपीएस अफसरों के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से यह तादाद  28 हो जाएगी.

वापसी की भी तैयारी :
वैसे केंद्र की प्रतिनियुक्ति पर गए कुछ अधिकारियों की वापसी भी जल्द होने वाली है . इस  कतार में भी झारखंड कैडर के कई आईपीएस अधिकारी हैं. नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी में  तैनात महानिरीक्षक ( inspector general ) आशीष बत्रा और पुलिस अधीक्षक ( एसपी ) डॉ . जया राय, सीबीआई  में एसपी अनूप टी. मैथ्यू, कैबिनेट सचिवालय में निदेशक राकेश बंसल आदि के नाम वापसी वाली फेहरिस्त में है .