अग्निवीर सैनिक भर्ती 2026 के लिए आवेदन शुरू , आखिरी तारीख 1 अप्रैल

4
प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर
भारतीय सेना  की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर के रूप में सैनिकों की भर्ती इस साल (2026 ) होने वाली भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी गई है . सेना ने इसके लिए देशभर के अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे  हैं. इस अभियान के माध्यम से अग्निवीर जनरल ड्यूटी (general duty ), तकनीकी, क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी और ट्रेड्समैन सहित 25,000 से ज्यादा  पद भरे जाएंगे.

कौन कौन आवेदन कर सकता है :
अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए आवेदक  का 10वीं कक्षा तक पास होना जरूरी है. दसवीं के नतीजे में उसके  कुल मिलाकर कम से कम 45 प्रतिशत नम्बर होने चाहिए. हर विषय में कम से कम  33%  जरुर हों .

अग्निवीर टेक्निकल के तौर पर भर्ती होने के इच्छुक उम्मीदवार के लिए 12वीं विज्ञान (भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और अंग्रेजी) विषयों के साथ पास होना जरूरी है. इसमें कम से कम  50 प्रतिशत नम्बर हों .  प्रत्येक  विषय में कम से कम  40% नंबर भी होने चाहिए .  या फिर उम्मीदवार अगर 10वीं पास है और उसने के 2 साल का आईटीआई कोर्स भी किया हो तो वह भी आवेदन कर सकता है .

अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के तौर पर भर्ती होने वाले उम्मीदवार का  12वीं कक्षा में किसी भी स्ट्रीम से कम से कम 60% नंबरों के साथ पास होने की अनिवार्यता है . इसके अलावा उसके प्रत्येक विषय में कम से कम 50% अंक होने चाहिए . इसके अलावा  अंग्रेजी और गणित/ एकाउंट्स  विषय होना चाहिए .

 अग्निवीर ट्रेड्समैन के तौर पर भर्ती होने वाले उम्मीदवार का  8वीं या 10वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है . साथ ही हरेक विषय में कम से कम 33% नम्बर हों . आवेदन करने की आखिरी तारीख 1 अप्रैल 2026 है .

भारतीय सेना में अग्निवीर सैनिक भर्ती के दो चरण होते हैं . सबसे  पहले ऑनलाइन परीक्षा और फिर भर्ती रैली होती है. ऑनलाइन परीक्षा (CEE) कंप्यूटर पर आधारित परीक्षा  होती है.  यह परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों (mcq ) की होती है.  इसमें सही जवाब देने पर पूरे नंबर  मिलते हैं और छोड़े गए प्रश्न पर कोई नम्बर नहीं मिलता. ऑनलाइन परीक्षा 1 से 16 जून 2026 के बीच होगी.

दूसरा चरण भर्ती रैली का होता है.  ऑनलाइन परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट बनाई जाती है और उसी के मुताबिक़ उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए बुलाया जाता है. क्लर्क या स्टोर  कीपर पद के लिए आवेदन करने वाले  उम्मीदवारों को टाइपिंग टेस्ट भी देना होता है. उनकी  अंग्रेजी टाइपिंग में लगभग 30 शब्द प्रति मिनट की रफ्तार होना जरूरी है.  टाइपिंग टेस्ट पास करने वाले उम्मीदवार ही आगे की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं. भर्ती रैली के लिए अभी तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है .

आवेदन शुल्क:
सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क  या प्रोसेसिंग फ़ीस 250 रुपये है जिसका सिर्फ   स्टेट बैंक ऑफ़  इंडिया ( state bank of india )के  पोर्टल के जरिये ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है. इसमें  नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड का इस्तेमाल  किया जा सकता है.  एक बार जब  भुगतान कर दिया तो फीस वापसी नहीं होगी