गुजरात के पुलिस महानिदेशक के पद से , 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी , विकास सहाय के 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद राज्य सरकार ने डीजीपी पद की जिम्मेदारी 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी के एल एन राव को दे दी थी. उन्हें फिलहाल यह प्रभार मात्र दिया गया है. इस बीच आज ( 2 जनवरी 2026 ) केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने आईपीएस शमशेर सिंह को , तुरंत प्रभाव से बीएसएफ से कार्यमुक्त कर, वापस गुजरात लौटने के आदेश जारी कर दिए . वे एलएन राव ( ips l n rao ) से मात्र 1 बैच ही वरिष्ठ हैं .
गुजरात पुलिस में बदलाव :
नए साल 20 26 के आगमन की तैयारी में जब पुलिस महकमे के बड़े अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था बनाने को लेकर मोर्चे पर थे उसी वक्त पर राज्य सरकार ने 14 आईपीएस अधिकारियों की तरक्की आदेश जारी किया . डॉ. विपुल अग्रवाल भी उन्हीं में से एक हैं. 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. विपुल अग्रवाल को भी प्रोफार्मा प्रमोशन दिया है, अभी तक वे केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली में हैं . डॉ अग्रवाल दिल्ली विकास प्राधिकरण ( delhi development authority ) में प्रिंसिपल कमिश्नर के ओहदे पर हैं . उन्हें आईपीएस (पे) रूल्स, 2016 के प्रावधानों के तहत एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (ADGP) ग्रेड में प्रोन्नत किया गया है.
वहीं अहमदाबाद शहर के सेक्टर-1 में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के तौर पर पर तैनात 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी नीरज कुमार बडगुजर को पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया हैं, इसके साथ ही , पद को कैडर स्टेटस में अपग्रेड करने के बाद सेक्टर-1 में ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस नियुक्त किया गया. इसी बैच के तीन अन्य अधिकारियों—सारा रिजवी, शोभा भुताडा और प्रदीप शेजुल—को इंटर-कैडर या सेंट्रल डेपुटेशन पर रहते हुए प्रोफार्मा प्रमोशन दिया गया.
नोटिफिकेशन में 2012 बैच के छह आईपीएस अधिकारियों को उप महानिरीक्षक (deputy inspector general ) ग्रेड में तरक्की भी मंज़ूर की गई है . इनमें आईपीएस सौरभ सिंह,भी हैं जो वर्तमान में कैबिनेट सचिवालय ( रॉ ) में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं. अन्य अधिकारी है – गांधीनगर में तैनात एसपी (इंटेलिजेंस ) सुधीर देसाई, गुजरात के राज्यपाल के एडीसी बलराम मीणा, सूरत शहर में तैनात आर्थिक अपराध शाखा के डीसीपी डॉ. करणराज वाघेला, मेहसाणा में स्टेट रिजर्व पुलिस फ़ोर्स में कमान्डेंट एस वी परमार, और गोधरा में एसआरएफपी ग्रुप 5 में कमान्डेंट ए एम मुनिया.













