हरियाणा में नए साल में नया पुलिस प्रमुख , आईपीएस अजय सिंघल बने डीजीपी

14
अजय सिंघल (फाइल फोटो )
अजय सिंघल (फाइल फोटो )
हरियाणा की पुलिस को नए साल यानि 2026 की पूर्व संध्या पर  नया नेतृत्व मिल गया है.   अब , भारतीय पुलिस सेवा के  1992 बैच के अधिकारी अजय सिंघल पुलिस महानिदेशक नियुक्त किए गए हैं .  आईपीएस शत्रुजीत कपूर के स्थान पर  कार्यवाहक डीजीपी रहे ओपी सिंह आज सेवानिवृत्ति हो गए हैं . नए डीजीपी अजय सिंघल 1 जनवरी नए  पुलिस महानिदेशक के तौर पर औपचारिक रूप से  डीजीपी का ओहदा संभालेंगे.

गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा की तरफ से   बुधवार को इस बारे में  नियुक्ति आदेश जारी किए गए.

पुलिस प्रमुख की   नियुक्ति को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत हरियाणा सरकार ने डीजीपी रैंक के पांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का पैनल संघ लोकसेवा आयोग (union public service commission ) को भेजा था.  बुधवार को नई दिल्ली में यूपीएससी की चयन समिति की बैठक हुई, जिसमें हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा भी सदस्य के तौर पर शामिल रहे.

बैठक के बाद यूपीएससी ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों का फाइनल पैनल हरियाणा सरकार को भेजा. इसमें 1990 बैच के शत्रुजीत कपूर, 1992 बैच के अजय सिंघल और 1993 बैच के आलोक मित्तल के नाम शामिल थे. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, इस पैनल में से किसी एक अधिकारी को डीजीपी नियुक्त करने का अधिकार राज्य सरकार के पास होता है. सरकार ने इसी अधिकार का उपयोगं करते हुए अजय सिंघल को प्रदेश की पुलिस की कमान सौंपी.

विवादों के बाद बदला नेतृत्व

आईपीएस  शत्रुजीत कपूर का डीजीपी के ओहदे का  दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद सरकार ने पुलिस प्रमुख  बनाए रखा था.  हालांकि, एडीजीपी रैंक के अधिकारी वाई पूरन कुमार के सुसाइड केस के बाद हालात बदल गए. अपने फाइनल नोट में उन्होंने शत्रुजीत कपूर सहित कई आईपीएस और आईएएस अधिकारियों के नाम लिखे थे. इसके बाद शत्रुजीत कपूर लंबी छुट्टी पर चले गए थे .  14 दिसंबर को उनकी छुट्टी समाप्त होने पर सरकार ने उन्हें डीजीपी पद की जिम्मेदारी   रिलीव कर ओपी सिंह को कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया था.