आस्ट्रेलियाई सरकार ने सोमवार को एक बयान में बताया कि जॉइंट कैपेबिलिटीज ( joint capabilities) की मौजूदा प्रमुख, लेफ्टिनेंट जनरल सुसान कोयल ( susan coyle ) जुलाई में सेना प्रमुख का पद संभालेंगी. वह लेफ्टिनेंट जनरल साइमन स्टुअर्ट की जगह लेंगी, जिन्होंने जुलाई 2022 में यह पद संभाला था.
सुसान कोयल को सैन्य करियर चार दशकों के अनुभव का है और इस दौरान उन्होंने कमान स्तर पर कई वरिष्ठ पदों पर भूमिकाएं निभाई हैं. इनमें अफगानिस्तान और मध्य पूर्व में चलाए गए ऑपरेशन भी शामिल हैं.
लेफ्टिनेंट सुसान की यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब ऑस्ट्रेलियाई सेना अपने रैंकों में महिला अधिकारियों की संख्या बढ़ाने की कोशिश कर रही है. सेना को संस्थागत यौन उत्पीड़न और भेदभाव के आरोपों की एक लहर का सामना करना पड़ रहा है.
आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने एक बयान में कहा, “जुलाई से, ऑस्ट्रेलियाई सेना के 125 साल के इतिहास में हमारे पास पहली बार कोई महिला सेना प्रमुख होगी.”
रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने कोयल की नियुक्ति को “बेहद ऐतिहासिक क्षण” बताया. उन्होंने कहा, “जैसा कि सुसान ने मुझसे कहा था, आप वह नहीं बन सकते जिसे आप देख नहीं सकते.”
“सुसान की यह उपलब्धि उन महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी जो आज ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल में सेवा दे रही हैं, और उन महिलाओं के लिए भी जो भविष्य में ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल में सेवा देने के बारे में सोच रही हैं.”
ऑस्ट्रेलियाई सेना एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है; वह खुद को लंबी दूरी की मारक क्षमता वाले हथियारों, ड्रोन और अन्य आधुनिक युद्धक उपकरणों से लैस कर रही है.
55 वर्षीय कोयल ने साइबर-युद्ध जैसे क्षेत्रों में अपने अनुभव पर ज़ोर दिया. उन्होंने कहा कि अनुभव की यह व्यापकता कमांड की जिम्मेदारियों को निभाने और मुझ पर ज़ाहिर किए गए भरोसे के लिए एक मज़बूत आधार प्रदान करती है.
वर्तमान में, ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बलों ( australia defence forces ) में महिलाओं की हिस्सेदारी तकरीबन 21 प्रतिशत है, और वरिष्ठ नेतृत्व की भूमिकाओं में उनकी हिस्सेदारी 18.5 प्रतिशत है. एडीएफ ने 2030 तक महिलाओं की कुल भागीदारी को 25 प्रतिशत तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा हुआ है .
पिछले साल अक्टूबर महीने में, एडीएफ के खिलाफ एक ‘क्लास एक्शन’ (सामूहिक) मुकदमा दायर किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वह हज़ारों महिला अधिकारियों को संस्थागत यौन उत्पीड़न, प्रताड़ना और भेदभाव से बचाने में विफल रहा है.
इसके अलावा सरकार ने सोमवार को नौसेना के मौजूदा प्रमुख, वाइस एडमिरल मार्क हैमंड को भी एडीएफ का प्रमुख नियुक्त किया. वह एडमिरल डेविड जॉनस्टन की जगह लेंगे. आस्ट्रेलिया नौसेना के मौजूदा उप-प्रमुख, रियर एडमिरल मैथ्यू बकले, इस शाखा के प्रमुख के तौर पर हैमंड की जगह लेंगे.













