
ब्रिटेन के शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्य और किंग चार्ल्स के छोटे भाई, एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर को सार्वजनिक पद पर रहते हुए गलत आचरण के आरोपों के बाद गिरफ्तारी किया गया. हालांकि पूछताछ के बाद पुलिस ने उनको रिहा कर दिया.
ब्रिटेन के आधुनिक इतिहास में इस तरह की गिरफ्तारी का सामना करने वाले एंड्रयू पहले वरिष्ठ ब्रिटिश शाही सदस्य बन गए हैं.
पुलिस हिरासत में एंड्रयू की तस्वीर दुनिया भर में वायरल हुई. किंग चार्ल्स ने कहा कि कानून इस मामले में काम करेगा और शाही परिवार का सदस्य होने से किसी को कानूनी कार्रवाई से छुटकारा नहीं मिल सकता.
एंड्रयू पर इल्ज़ाम है कि उन्होंने जेफ्री एपस्टीन से कई तरह की गोपनीय जानकारियां साझा की थीं.
पुलिस ने यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से उनके संबंधों के बारे में पूछताछ की.
एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर कौन हैं?
19 फरवरी, 1960 को जन्मे एंड्रयू, ब्रिटेन की दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप के दूसरे बेटे हैं.
एंड्रयू ने सैन्य करियर अपनाया था. उन्होंने रॉयल नेवी में 22 वर्षों तक सेवा की और 1982 के फ़ॉकलैंड युद्ध के दौरान हेलीकॉप्टर उड़ाए.
बाद में, उन्होंने 2001 से 2011 के बीच एक दशक तक ब्रिटेन के व्यापार दूत के रूप में काम किया. यह अवधि एपस्टीन के साथ उनकी लम्बी मित्रता के खुलासे के कारण फिर से जांच के दायरे में आ गई है. एपस्टीन को 2008 में बाल यौन अपराधों के लिए जेल भेजा गया था.












