चंड़ीगढ़ के आसमान पर भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के करतब

4
भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम
भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम

सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ का आसमान 27 और 28 मार्च को तब रंग बिरंगा दिखेगा जब भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ( surya kiran aerobatic team) यहां कलाबाजियां खाते अपने विमानों के कारनामे दिखाएगी. यूं तो नज़ारे दूर दूर से दिखाई देंगे लेकिन मुख्य कार्यक्रम स्थल सुखना झील पर है. यह प्रदर्शन देखने के लिए नागरिक आ सकते हैं लेकिन इसके लिए शुल्क रखा गया है.

केंद्र शासित क्षेत्र चंड़ीगढ़ के  मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने मंगलवार को आगामी सूर्य किरण एरोबैटिक टीम सिविल एयर डिस्प्ले की तैयारियों की समीक्षा की और ज़रूरी दिशा निर्देश दिए . इस कार्यक्रम में प्रवेश पास के ज़रिए होगा, जो चंडीगढ़ टूरिज्म ऐप पर 100 रुपये  प्रति व्यक्ति के भुगतान पर उपलब्ध है.

कार्यक्रम स्थल की क्षमता प्रतिदिन 10,000 लोगों तक सीमित की गई है.  ट्रैफिक को नियंत्रित करने और कार्यक्रम स्थल के पास भीड़ भाड़ से बचने के लिए, सुखना झील के आसपास निजी वाहनों को आने जाने की इजाजत  नहीं दी जाएगी. पूरे शहर में बसों के सात निर्धारित पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट बनाए जाएंगे, जहां दोनों दिन सुबह 9 बजे अंतिम पिक-अप निर्धारित है. आगंतुकों को सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है, जिसमें केवल पारदर्शी पानी की बोतलें साथ रखना, 6  साल से कम उम्र के बच्चों को साथ न लाना और सुरक्षा जांच के दौरान अधिकारियों के साथ सहयोग करना शामिल है. कार्यक्रम स्थल पर पीने के पानी और स्वच्छता के पर्याप्त इंतज़ाम सुनिश्चित किए जाएंगे.

इससे पहले शनिवार को, कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा और उन्हें व्यवस्थित करने के लिए उपायुक्त निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में एक बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक में भारतीय वायु सेना, पुलिस विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवाओं और अन्य विभागों तथा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित प्रमुख हितधारकों ने हिस्सा लिया था .

सूर्य किरण एरोबैटिक टीम:
चमकीले लाल और सफेद रंग के हॉक ट्रेनर जेट उड़ाते हुए और सटीक उड़ान, डाइव, लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और अन्य रोमांचक हवाई करतब दिखाते हुए, इस टीम ने देश और विदेश में दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने में कभी कोई कसर नहीं छोड़ी है. पिछले छह महीनों में यह दूसरी बार है जब सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ( skat ) चंडीगढ़ में होगी.  सूर्य किरण टीम पिछली बार सितंबर 2025 में मिग -21 (MiG-21) की ऑपरेशनल उड़ान के समापन समारोह के अवसर पर यहां  आई थी. इससे पहले, अक्टूबर 2022 में वायु सेना दिवस फ्लाईपास्ट के दौरान सुखना झील पर चंडीगढ़ के निवासियों को उनके करतबों ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया था.