भारतीय वायु सेना का सुखोई लड़ाकू विमान असम में दुर्घटनाग्रस्त

21
दुर्घटनाग्रस्त लड़ाकू विमान के पायलट स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाईट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरागकर
दुर्घटनाग्रस्त लड़ाकू विमान के पायलट स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाईट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरागकर

भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में भारतीय वायु सेना का एक सुखोई लड़ाकू विमान ( Su – 30 MKI) दुर्घटना का शिकार हो गया. इस फाइटर जेट ने जोरहाट स्थित वायु सैनिक अड्डे से कल सुबह उड़ान भरी थी.

भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने बताया कि फाइटर जेट एसयू -30 एमकेआई ने गुरूवार (5 मार्च ) की सुबह 7 बजे जोरहाट से उड़ान भरी थी . यह विमान की एक प्रशिक्षण उड़ान थी. विमान  तकरीबन 60 किलोमीटर  दूर कार्बी आंगलोंग इलाके में क्रैश हो गया. 7 बजकर 42 मिनट पर विमान से सम्पर्क टूट गया था.

जिस जगह पर विमान हादसे का शिकार हुआ वहां घना वन क्षेत्र है . स्थानीय निवासियों का कहना था कि उन्होंने 7.30 बजे के आसपास वहां तेज धमाका होने जैसी आवाज़ सुनी थी .

विमान में पायलट स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरागकर  सवार थे . दोनों में से कोई भी हादसे में बच न सका .  भारतीय वायुसेना ने उनकी मृत्यू पर शोक ज़ाहिर करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है .

सू 30 एमकेआई लम्बी दूरी तय करने वाला एक बहु उद्देशीय  टू-सीटर लड़ाकू विमान है जिसे रूस की विमान निर्माता कम्पनी सुखोई ने बनाया है. भारत में अब  इस हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ( एच ए एल )  भारतीय वायु सेना  के लिए लाइसेंस के तहत बना रही है . भारतीय वायु सेना के पास तकरीबन 260 से ज्यादा सुखोई लड़ाकू जेट हैं.इससे पहले  जून 2024 में महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक सुखोई फाइटर प्लेन क्रैश हुआ  था. जनवरी 2023 में ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरने के बाद एक और सुखोई-30 जेट क्रैश हो गया था.