उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रहने वाले भारतीय सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वी के जोशी (brigadier v k joshi) की दुर्भाग्यपूर्ण हालात में मौत हो गई. ब्रिगेडियर जोशी की जान , एक दूसरे का पीछा करते दो वाहनों के सवारों के बीच हो रही गुंडई ने ली. दूसरे वाहन पर चलाई गई कोई एक गोली सुबह की सैर पर निकले ब्रिगेडियर जोशी को जा लगी. वारदात सोमवार ( 30 मार्च ) की है.
राजपुर रोड के रहने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वी के जोशी अन्य दिनों की तरह सुबह पौने सात बजे के आसपास सैर पर निकले थे. पुलिस का कहना है कि तभी वहां से गुजर रहे एक वाहन में सवार कुछ लोगों ने दूसरे वाहन पर गोली चलाई. इनमें से कोई एक गोली छिटककर ब्रिगेडियर जोशी को जा लगी. घायल ब्रिगेडियर जोशी को अस्पताल ले जा गया लेकिन उनके प्राण बच न सके.
पुलिस का कहना है कि यह वाहन एक दूसरे का पीछा कर रहे थे या ओवरटेक करने की कोशिश में थे. इसकी शुरुआत देहरादून में मसूरी रोड पर जोहरी गांव के पास हुई थी. इनमें से एक वाहन पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त भी हो गया . घटना के बाद वाहन सवार मौके से फरार हो गए.













